मिचकुरिन से पिंडरा तक बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे, खाद्यान्न सामग्री बांटी और राहत के लिए अधिकारियों से किया आग्रह..…
चित्रकूट/मझगवां। चित्रकूट क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ और अतिवृष्टि के बाद राहत का सिलसिला जारी है। संकट की शुरुआत से ही वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रकमल त्रिपाठी लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों के बीच बने हुए हैं। वे केवल राहत सामग्री बांटने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि घर-घर पहुंचकर लोगों का हाल जान रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके निदान के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने पिंडरा कोलान बस्ती पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और जरूरतमंदों को खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई। इसके बाद मझगवां क्षेत्र की मिचकुरिन कोलान आदिवासी बस्ती में भी पहुंचकर उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। घर-घर जाकर उन्होंने बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान, भोजन, पानी और अन्य जरूरी जरूरतों की जानकारी ली।
चंद्रकमल त्रिपाठी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मुश्किल की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं और जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भी प्रभावित परिवारों की स्थिति को लेकर चर्चा की और राहत कार्यों को और तेज करने तथा शासन की सहायता पात्र परिवारों तक जल्द पहुंचाने का आग्रह किया।

मिचकुरिन बस्ती में उन्होंने बच्चों से भी आत्मीय मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट व बिस्कुट वितरित किए। आपदा के बीच बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने माहौल को भावुक बना दिया।
चंद्रकमल त्रिपाठी का कहना है कि आपदा के समय केवल राहत सामग्री पहुंचाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि पीड़ितों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्या समझना और उसके समाधान के लिए आवाज उठाना भी जरूरी है। सेवा ही इस कठिन समय में सबसे बड़ा धर्म है।
बाढ़ के बाद से लगातार प्रभावित परिवारों के बीच पहुंच रहे चंद्रकमल त्रिपाठी का यह प्रयास अपनों के बीच, अपनों के लिए की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं और सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे आगे आएं और इस संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनें।










