सतना में बारिश का कहर,माजन की 100 घरों की बस्ती पानी से घिरी, कई रास्ते बंद…

सतना। जिले में लगातार बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों में हालात बिगड़ने लगे हैं। बिरसिंहपुर और मझगवां क्षेत्र के कई गांवों में नदी-नाले उफान पर हैं। माजन और केल्हौरा गांव के तालाब ओवरफ्लो होने से आसपास की आदिवासी बस्तियों में पानी भर गया है। माजन में करीब 100 घरों की बस्ती पानी से घिर गई है, जबकि कई कच्चे मकानों पर गिरने का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों को तालाब का तटबंध टूटने की आशंका सता रही है। ग्रामीणों ने ओवरफ्लो तालाब का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन से तत्काल सुरक्षा और राहत की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वहीं, कोठी-जैतवारा मार्ग पर लगना नदी का पुल डूब जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जैतवारा-हाटी और तुरी मार्ग भी जलभराव से प्रभावित हुए हैं। तेज बहाव के बीच कुछ लोग पुल पर सेल्फी लेते नजर आए। सूचना पर थाना प्रभारी अजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को पुल पार नहीं करने की समझाइश दी।

चित्रकूट क्षेत्र में मझगवां-फहाड़ीखेड़ा मार्ग पर चहला नाला उफान पर आने से सड़क पर पानी भर गया और आवागमन बाधित हुआ। मझगवां थाना पुलिस मौके पर तैनात है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
#सतना #बारिश #जलभराव #मझगवां #बिरसिंहपुर #रेवांचलरोशनी #MadhyaPradesh #SatnaNews









