ताला में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर, कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश…
मैहर। ग्राम पंचायत ताला में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में कलेक्टर श्रीमती विदिशा मुखर्जी ने अतिवर्षा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से प्रभावित घरों के मालिकों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की स्थिति में लोगों को राहत मिल सके।
कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिवर्षा प्रभावित लोगों तक प्रशासन की मदद हर हाल में समय पर पहुंचनी चाहिए।
शिविर में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला अधिकारियों ने भी नागरिकों से संवाद किया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश दिया। इस दौरान शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।