15 हजार से अधिक आबादी के आवागमन का मामला, बंद पुराने रास्ते को खोलने और फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास की मांग….
सतना। सोहावल मोड़ पर निर्माणाधीन राम पथ गमन फ्लाईओवर के चलते बंद किए गए वर्षों पुराने सार्वजनिक मार्ग को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी मैदान में उतर आए हैं। पूर्व विधायक कल्पना वर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बंद मार्ग को पुनः चालू कराने, फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास बनाने और सोहावल रोड के चौड़ीकरण की मांग की।
ज्ञापन में पूर्व विधायक ने बताया कि सोहावल, बाबूपुर और सोहौला को जोड़ने वाला पुराना सार्वजनिक मार्ग फ्लाईओवर निर्माण के कारण बंद कर दिया गया है। इस मार्ग से क्षेत्र की करीब 15 हजार से अधिक आबादी वर्षों से आवागमन करती रही है। मार्ग बंद होने के बाद ग्रामीणों को पन्ना-सतना मुख्य मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है, जहां भारी वाहनों का दबाव बना रहता है।
बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर उठाए सवाल… कल्पना वर्मा ने कहा कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के यातायात डायवर्ट किए जाने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर पहले भी संबंधित विभाग और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।
फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास और शेरगंज मार्ग पर भी निर्माण की मांग… ज्ञापन में सोहावल-बाबूपुर-सोहौला के पुराने मार्ग को यथासंभव पुनः शुरू कराने के साथ ही फ्लाईओवर के नीचे सुरक्षित व्हीकुलर एवं पैदल अंडरपास बनाने की मांग की गई है। इसके अलावा सोहावल रोड का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण तथा शेरगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर भी अंडरपास निर्माण की मांग रखी गई है।
जब तक स्थायी समाधान नहीं, तब तक सुरक्षा इंतजाम हों…. पूर्व विधायक ने कलेक्टर से मांग की कि स्थायी व्यवस्था होने तक पन्ना-सतना मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी को मामले में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि मामला महज रास्ता बंद होने का नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों के सुरक्षित आवागमन से जुड़ा है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।
ज्ञापन के दौरान मुख्य रूप से पूर्व विधायक कल्पना वर्मा, राममणि शुक्ला, बड़े भैया, प्रवीण सिंह, गिरीश उरमालिया, अशोक शर्मा एवं यतेंद्र डोहर शामिल रहे।