Edition

21 साल के आयुष ने विश्व चैंपियन को चौंकाया, शी यू ची को हराकर दूसरे दौर में पहुंचे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली
भारतीय बैडमिंटन के युवा सितारे आयुष शेट्टी ने विश्व चैंपियनशिप के पहले ही दिन ऐसा उलटफेर किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रही विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में सोमवार को 21 वर्षीय आयुष ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यू ची को रोमांचक मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया।

सबसे बड़ी जीत
आयुष ने पहले दौर का मुकाबला 21-14, 13-21, 21-19 से अपने नाम किया। ये आयुष के करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। ड्रॉ घोषित होने के साथ ही चीनी खिलाड़ी को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन आयुष ने दिखा दिया कि कोर्ट पर सामने कितना भी बड़ा खिलाड़ी हो, उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता है।

मुकाबले के निर्णायक गेम में जब चीनी खिलाड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 20-19 तक पहुंचा दिया, तब आयुष पर दबाव साफ था, लेकिन आयुष ने अपना संयम नहीं खोया और अंक जीतकर पहले ही दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी की चुनौती समाप्त कर दी।

आयुष ने किया परेशान
पहले गेम में आयुष ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। घरेलू दर्शकों के शोर और इंडिया-इंडिया की गूंज के बीच आयुष ने 11-5 की बढ़त बनाई। उनकी कोर्ट कवरेज, शानदार रिट्रीवल और तेज स्मैश ने शी यू ची को लगातार परेशान किया।

चीनी खिलाड़ी ने कई आसान गलतियां भी कीं और आयुष ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-14 से अपने नाम कर लिया।दूसरे गेम में शी यू ची ने अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए आयुष को थकाने की कोशिश की और भारतीय खिलाड़ी की गलतियां बढ़ने लगीं।

इसका फायदा उठाते हुए चीनी खिलाड़ी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तीसरे गेम में असली परीक्षा थी।

आयुष ने पलट दी बाजी
आयुष ने जोखिम कम किया और शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर ध्यान दिया। इसका फायदा मिला और वह ब्रेक तक 11-5 से आगे थे। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने बढ़त 15-5 तक पहुंचा दी। लेकिन दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी ने हार नहीं मानी और लगातार चार अंक जीतकर अंतर 20-19 कर दिया।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!