सतना में घर-दुकान का ताला तोड़कर चोरी, सोता रहा परिवार, नकदी और किराना सामान ले गए बदमाश….

सतना। जिले के कोठी थाना क्षेत्र के खटोला गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर किराना सामान और करीब 20 हजार रुपए नकद ले गए। सुबह परिवार को चोरी की जानकारी हुई।
जानकारी के मुताबिक, संतोष कुमार गर्ग के घर में दुकान भी संचालित होती है। रात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपए कीमत का किराना सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा दुकान की दराज में रखे करीब 5 हजार रुपए और बगल के कमरे में रखे बैग से 15 हजार रुपए नकद भी ले गए।
वारदात के दौरान संतोष कुमार गर्ग अपने परिवार के साथ घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब उन्होंने घर और दुकान की स्थिति देखी तो चोरी का पता चला।
इसके बाद संतोष कुमार ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में संभावित सुरागों की तलाश की जा रही है।
#Satna #SatnaNews #Kothi #CrimeNews #Theft #MadhyaPradesh #MPNews #रेवांचलरोशनी #साहससचकहनेका









