भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 126 लीटर नेपाली शराब और बाइक जब्त…

सुपौल। एसएसबी 45वीं बटालियन के जवानों ने शनिवार रात भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 126 लीटर नेपाली देशी शराब और एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की। कार्रवाई सुपौल जिले के बीरपुर अंतर्गत सीमा चौकी सतना के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप रात करीब 8:45 बजे की।

कमांडेंट गौरव सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एसएसबी जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसी दौरान सीमा चौकी सतना के मुख्य द्वार पर तैनात जवानों ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बोरी लादकर नेपाल से भारत की ओर आते देखा।
जवानों को देखते ही बाइक छोड़कर भागा तस्कर
जवानों ने संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक और बोरी मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भाग गया। जवानों ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें 420 बोतलों में कुल 126 लीटर नेपाली देशी शराब ‘दिलवाले’ बरामद हुई। मौके से अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
एसएसबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब और मोटरसाइकिल को उत्पाद विभाग, सुपौल के सुपुर्द कर दिया। कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) इफ्तेखार अहमद खान के नेतृत्व में एसएसबी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#SSB #BorderSecurity #NepalBorder #LiquorSeized #Supaul #BiharNews #ViralNews #CrimeNews #रेवांचलरोशनी #साहससचकहनेका









