सतना में मिलावट के शक में 1 लाख से ज्यादा का घी जब्त, दो जगहों से लिए सैंपल

सुपर स्टॉकिस्ट और डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, गोवर्धन घी का स्टॉक सीज; लैब रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी गुणवत्ता
सतना। जिले में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण करते हुए गोवर्धन ब्रांड के घी का 1 लाख रुपए से अधिक कीमत का स्टॉक जब्त कर सीज किया। अधिकारियों ने पंजाबी कॉलोनी स्थित सुपर स्टॉकिस्ट श्रीराम एंटरप्राइजेज और इंस्टा कार्ट के डार्क स्टोर से घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सुपर स्टॉकिस्ट के यहां से लिए पांच सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने पंजाबी कॉलोनी स्थित श्रीराम एंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया। यहां गोवर्धन घी के पांच अलग-अलग नमूने लिए गए। खाद्य विभाग के अनुसार, इससे पहले जांचे गए गोवर्धन घी के एक नमूने की रिपोर्ट असुरक्षित पाई गई थी।
इसके बाद अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध करीब 69 हजार रुपए कीमत के घी के पूरे स्टॉक को सीज कर दिया। विभाग ने जब्त स्टॉक को आगे की जांच प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखने की कार्रवाई की है।
डार्क स्टोर से भी घी जब्त
इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर और सीमा पटेल ने इंस्टा कार्ट के डार्क स्टोर में जांच की। यहां गोवर्धन ब्रांड का करीब 10 लीटर घी मिला, जिसे अधिकारियों ने जब्त कर लिया। इस स्थान से भी घी के नमूने लिए गए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दोनों स्थानों से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









