कलेक्टर-एसपी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने नागौद में किया जनसंवाद; स्कूल, अस्पताल, मंडी, खेल परिसर और ग्रामीण क्षेत्रों का लिया जायजा……

सतना। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत शुक्रवार को नागौद से हुई। अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, डिप्टी कमिश्नर संभाग आयुक्त कार्यालय रीवा दिव्या त्रिपाठी, सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एक साथ ट्रेवलर से नागौद पहुंचे। अधिकारियों ने दफ्तरों में बैठक करने के बजाय सीधे जनता के बीच पहुंचकर शिकायतें सुनीं और सरकारी संस्थाओं की जमीनी स्थिति देखी।

जनसुनवाई में 96 आवेदन, 800 शिकायतों का निराकरण….. नागौद जनपद पंचायत सभागार में आयोजित जनसुनवाई में 96 लोगों की समस्याएं सुनी गईं, जबकि विभिन्न विभागों से जुड़ी करीब 800 लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में औपचारिकता के बजाय वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम मौहारी के गुल्लन प्रसाद वर्मा के परिवार के पांच सदस्यों के आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाए गए। धौरहरा-बरकछी मार्ग, कल्पा में नहर अधिग्रहण का मुआवजा, मृदा परीक्षण केंद्र और छुलहा गांव के खराब रास्ते जैसी समस्याएं भी सामने आईं। छुलहा में तत्काल मुरूम डालकर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए गए।

स्कूल से अस्पताल और मंडी तक निरीक्षण…. कलेक्टर और एसपी ने सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और लक्ष्य पर ध्यान देने की सलाह दी। इसके बाद निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी में किसानों और व्यापारियों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। किसानों ने उपार्जन के दौरान मंडी में जगह की कमी का मुद्दा उठाते हुए रामना टोला के खाली मैदान में केंद्र बनाने का सुझाव दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में ओपीडी, सोनोग्राफी, एएनसी वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाएं देखी गईं। आउटसोर्स कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में रखने और सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नवजात शिशुओं की माताओं को चाइल्ड केयर किट भी वितरित की गईं।

नवोदय विद्यालय और अमृत सरोवर भी पहुंचे अधिकारी…… रहिकवारा स्थित पीएमश्री नवोदय विद्यालय में अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। यहां 1266 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अधिकारियों ने परिसर में पौधरोपण भी किया। बरकोनिया माफी में करीब 21 लाख रुपये की लागत से बन रहे अमृत सरोवर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से राशन, पानी, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

हर शुक्रवार मैदान में उतरेंगे अधिकारी… मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में घोषणा की कि अब हर शुक्रवार सरकारी कार्यालयों में बैठकें नहीं होंगी। अधिकारी-कर्मचारी जनता के बीच जाकर योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार यह अभियान 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगा।
इसी अभियान के तहत विभाग प्रमुखों ने नागौद क्षेत्र की अधीनस्थ संस्थाओं का भी निरीक्षण किया और कमियों की रिपोर्ट शनिवार दोपहर तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अभियान का वास्तविक असर इस बात से तय होगा कि मौके पर सुनी गई शिकायतों में कितनों का स्थायी समाधान होता है।












