सतना में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दो हफ्ते बाद फिर पहुंचा, अश्लील हरकत के बाद खुला मामला…

सतना। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अतुल प्रजापति (30) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामला तब सामने आया जब आरोपी ने कथित तौर पर दो सप्ताह बाद फिर नाबालिग के साथ अश्लील हरकत की, जिसके बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई की रात करीब 8 बजे नाबालिग घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में गई थी। आरोप है कि उसी दौरान अतुल प्रजापति ने उसे अकेला पाकर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे भय के कारण पीड़िता ने उस समय किसी से कुछ नहीं कहा।

करीब दो सप्ताह बाद 3 अगस्त को आरोपी ने कथित तौर पर फिर नाबालिग को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। इस बार पीड़िता वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने रामपुर बाघेलान थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
#Satna #RampurBaghelan #POCSO #CrimeNews #MPNews #BreakingNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









