सतना में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, पूर्व विधायक की गाड़ी से हूटर और पदनाम प्लेट जब्त, कई वाहनों पर कार्रवाई….

सतना। शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। देर शाम सिविल लाइन तिराहे पर रैगांव की पूर्व विधायक ऊषा चौधरी के वाहन से अवैध रूप से लगे हूटर और पदनाम प्लेट जब्त किए गए।
पुलिस ने वाहन को रोककर हूटर और पदनाम प्लेट हटाई तथा चालक को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

अभियान के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो (एमपी 19 सीसी 1305) को भी रोका, जिस पर अवैध रूप से लाल-पीली ब्लिंकर लाइट लगी हुई थी। पुलिस ने ब्लिंकर जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 108 के तहत 3 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
वहीं, रीवा रोड से नो-एंट्री का उल्लंघन कर शहर में घुसे एक ट्रक ने भरहुत नगर मोड़ पर एक कार को टक्कर मार दी। शिकायत मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने ट्रक को जब्त कर 8 हजार रुपये का चालान किया।इसके अलावा, मॉडिफाइड साइलेंसर लगी एक बाइक पर भी कार्रवाई करते हुए उसका साइलेंसर जब्त किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
#Satna #TrafficPolice #TrafficRules #MPNews #BreakingNews #RoadSafety #SatnaNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









