भैंस चराने गए बुजुर्ग का तालाब में मिला शव, रातभर तलाश के बाद सुबह रेस्क्यू, डूबने से मौत की आशंका….

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के डुडही गांव में 56 वर्षीय हीरालाल चौधरी का शव मंगलवार सुबह तालाब से बरामद किया गया। वह सोमवार शाम भैंस चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने रातभर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मंगलवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान तालाब किनारे हीरालाल की लाठी और चूने की डिब्बी मिली। सामान मिलने के बाद परिजनों ने उनके तालाब में गिरने की आशंका जताते हुए डायल-112 को सूचना दी। सूचना पर पोड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी देर की मशक्कत के बाद तालाब से हीरालाल चौधरी का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने डूबने से मौत की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#Satna #Nagod #BreakingNews #MadhyaPradesh #Accident #RewanchalRoshni









