सतना में बोरी में मिला युवक का शव, आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा: पुलिस पर पथराव, संदेही भागा फिर दबोचा….

सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में तीन दिन से लापता 20 वर्षीय अतुल कुशवाहा का शव मंगलवार सुबह स्कूल के पीछे झाड़ियों में बोरी में लिपटा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की।
हंगामे के दौरान पुलिस हिरासत में लिया गया एक संदेही युवक पुलिस वाहन से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ दूरी पर खेत की मेड़ से उसे दोबारा पकड़ लिया। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात किए गए। करीब साढ़े चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद शव को नागौद सिविल अस्पताल भेजा गया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि अतुल के 1 अगस्त से लापता होने के बावजूद जसो पुलिस ने समय पर गुमशुदगी दर्ज नहीं की। उनका कहना है कि यदि तत्काल कार्रवाई होती तो युवक की जान बच सकती थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में एक युवती से बातचीत को लेकर पुराने विवाद का मामला सामने आया है। पूछताछ में यह भी पता चला कि घटना वाली रात अतुल, संदेही और अन्य युवक साथ बैठे थे तथा शराब पी थी। पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अतुल की जसो में मोबाइल की दुकान थी और उसने घटना वाले दिन बैंक से 3 लाख रुपये निकाले थे। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि वारदात का इन पैसों से कोई संबंध है या नहीं।
#Satna #CrimeNews #Jaso #MadhyaPradesh #Police #BreakingNews #RewanchalRoshni









