मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में मिनी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और चालक को वाहन से बाहर निकालकर हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे ओढ़की टोल प्लाजा के पास हुई। मिनी ट्रक भोपाल से असम जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक देवेंद्र प्रजापति को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।









