6 करोड़ की लॉटरी का झांसा देकर 39.24 लाख की साइबर ठगी, 15 महीने बाद पंजाब पुलिस की सतना में दबिश, पता निकला फर्जी…..

सतना। 6 करोड़ रुपए की वैशाखी बंपर लॉटरी का झांसा देकर 39.24 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले आरोपियों की तलाश में पंजाब पुलिस की साइबर क्राइम टीम शनिवार को सतना पहुंची। करीब 15 महीने की लंबी जांच के बाद मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ कोलगवां थाना क्षेत्र के भरहुत नगर में दबिश दी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर आरोपी का पता फर्जी निकला। इसके बाद जांच में आरोपी का संभावित ठिकाना मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में सामने आया, जहां टीम स्थानीय पुलिस के साथ रवाना हो गई।
पंजाब के गुरदासपुर जिले के साइबर क्राइम थाने में 38 वर्षीय कंवलप्रीत कौर निवासी राजू बेला, थाना भैणी मियां खां ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार अप्रैल माह में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉटरी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका नाम वैशाखी बंपर लॉटरी में 6 करोड़ रुपए के इनाम के लिए चुना गया है।

रजिस्ट्रेशन और टैक्स के नाम पर ठगी
जालसाजों ने महिला को इनाम की राशि दिलाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क, टैक्स और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में कुल 39 लाख 24 हजार 900 रुपए जमा करा लिए। काफी समय तक इनाम की राशि नहीं मिलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
15 महीने की जांच के बाद मिला मध्यप्रदेश कनेक्शन
मामला दर्ज होने के बाद गुरदासपुर साइबर क्राइम पुलिस लगातार तकनीकी और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच करती रही। करीब 15 महीने की पड़ताल के बाद पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिनसे आरोपियों का संबंध मध्यप्रदेश के सतना और मैहर जिले से होने की जानकारी सामने आई। इसी आधार पर पंजाब पुलिस की टीम मध्यप्रदेश पहुंची।
सतना में मिला फर्जी पता
पुलिस टीम ने सबसे पहले सतना के भरहुत नगर स्थित एक पते पर दबिश दी, लेकिन वहां आबकारी विभाग के एक लिपिक अपने परिवार के साथ रहते मिले। आसपास के मकानों में भी आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी निवासरत पाए गए। पूछताछ में स्पष्ट हो गया कि आरोपी का उस पते से कोई संबंध नहीं है और दस्तावेजों में दर्ज पता फर्जी था।
अब मैहर में आरोपी की तलाश
सतना में पता गलत मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया और दोबारा तकनीकी इनपुट जुटाए। जांच में आरोपी का संभावित ठिकाना मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में सामने आने पर टीम स्थानीय पुलिस के साथ वहां के लिए रवाना हो गई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा।









