कुरकुरे का लालच देकर 4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 55 वर्षीय पड़ोसी हिरासत में……
सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 55 वर्षीय आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद मासूम का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जबकि पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि गांव का रहने वाला रामजस चौधरी (55) बच्ची को कुरकुरे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया।

घटना की शिकायत पीड़िता की मां ने 1 अगस्त की रात करीब 1:35 बजे नागौद थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3 और 4(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने पीड़ित बच्ची को परिजनों के साथ बाल संरक्षण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद बच्ची को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









