मौत के 20 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, संदिग्ध मौत पर दोबारा पोस्टमार्टम, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई…..

रीवा। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के करीब 20 दिन बाद प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बिना पोस्टमार्टम के किया गया था अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद लुकमान की 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात अचानक मौत हो गई थी। उस समय परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराया और उनके पैतृक गांव बैकुण्ठपुर के कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
20 दिन बाद परिजनों ने जताया संदेह

मौत के करीब 20 दिन बाद परिजन बिछिया थाने पहुंचे और लुकमान की मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार का कहना है कि अब उन्हें आशंका है कि मौत स्वाभाविक नहीं थी और इसके पीछे कोई आपराधिक कारण हो सकता है। इसी आधार पर उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
एसडीएम की अनुमति से हुआ शव का उत्खनन
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि परिजनों के आवेदन के बाद सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। संबंधित एसडीएम की अनुमति मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में बैकुण्ठपुर स्थित कब्रिस्तान में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भाई ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने बताया कि परिवार को लुकमान की मौत पर गंभीर संदेह है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप नहीं लगाया। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी प्रकार के आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।









