फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन, सड़क जाम मामले में कांग्रेस नेताओं समेत 24 पर FIR…

सतना। बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारी की मौत के बाद फैक्ट्री गेट पर शव रखकर प्रदर्शन और सड़क जाम करने के मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने कांग्रेस नेताओं समेत 24 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में 14 नामजद और 10 अन्य अज्ञात आरोपियों को आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रितेश त्रिपाठी, कांग्रेस नेता बालेश त्रिपाठी, बर्मेंद्र प्रताप सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल सोनी उर्फ टोनू, गजेंद्र सिंह गुड्डू, संजय त्रिपाठी, अरुण त्रिपाठी, राजललन सिंह, अंकित गुप्ता, आनंद पांडेय, शैलेश तिवारी, दिव्यांशु सिंह उर्फ कान्हा, संजय तिवारी, बिमलेश त्रिपाठी, अरुण कुशवाहा और नारायण तिवारी के नाम शामिल हैं। पुलिस ने इनके अलावा 10 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है।
हार्ट अटैक से कर्मचारी की हुई थी मौत
यह मामला गुरुवार सुबह बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के मैकेनिकल विभाग में कार्यरत कर्मचारी रामशंकर द्विवेदी की हार्ट अटैक से हुई मौत के बाद सामने आया। कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों ने फैक्ट्री गेट के सामने शव रखकर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के बेटे को नियमित नौकरी दी जाए।
बातचीत बेनतीजा, सड़क जाम
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई नेता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों का समर्थन किया। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारी सतना-सेमरिया मार्ग पर बैठ गए, जिससे सड़क जाम हो गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
जांच शुरू, पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोलगवां थाना पुलिस ने घटना की जांच के बाद प्रदर्शन और सड़क अवरोध के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









