39 वर्षों तक शिक्षा की अलख जगाने वाले वरिष्ठ शिक्षक का महदेवा विद्यालय में सम्मान समारोह आज..
शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा के योगदान को किया जाएगा याद…..
सतना। शासकीय प्राथमिक शाला महदेवा के प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी आज, 31 जुलाई को 39 वर्षों की गौरवपूर्ण शैक्षणिक सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सम्मान में विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों तथा क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर उन्हें शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जनहित में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और प्रीतिभोज का भी आयोजन रखा गया है।
आलोक त्रिपाठी ने अपने लगभग चार दशक लंबे सेवाकाल में केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया। विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मारकुंडी क्षेत्र के प्रतिष्ठित त्रिपाठी परिवार से संबंध रखने वाले आलोक त्रिपाठी, रेलवे के पूर्व वरिष्ठ नियंत्रक स्वर्गीय श्रवण लाल त्रिपाठी के बड़े पुत्र हैं। पिता की सतना में पदस्थापना के बाद परिवार धवारी में बस गया और लंबे समय से यहीं निवास कर रहा है। उनके छोटे भाई चंद्रकमल त्रिपाठी चित्रकूट व सतना क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हैं।
शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी उल्लेखनीय रही है। पिछले चार वर्षों में उनके प्रयासों से लगाए गए लगभग 3,000 पौधे आज विकसित होकर हरियाली का संदेश दे रहे हैं। इसके अलावा वे सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। धवारी स्टेडियम स्थित सीएमएचओ कार्यालय के सामने मंदिर परिसर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार लगभग 500 श्रद्धालुओं को नियमित रूप से खिचड़ी-खीर का प्रसाद वितरण कर सेवा की परंपरा निभा रहे हैं।









