Edition

मीठापुर से पाटलिपुत्र तक बदलेगी तस्वीर, बुडको बनाएगा नए हरित और स्मार्ट पार्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना
राजधानी के लोगों को बेहतर हरित क्षेत्र और मनोरंजन की सुविधा देने के लिए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) तीन नए आधुनिक पार्क विकसित करेगा।

ये पार्क मीठापुर, किदवईपुरी और पाटलिपुत्र क्षेत्र में बनाए जाएंगे। तीनों परियोजनाओं पर कुल 4.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बुडको ने इनकी योजना तैयार कर ली है और स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। तीनों पार्कों में योग, व्यायाम, मार्निंग वॉक और बच्चों के खेलने की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इससे इन इलाकों में ग्रीन एरिया बढ़ेगा और लोगों को साफ-सुथरा व बेहतर सार्वजनिक स्थान मिलेगा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सुबह-शाम टहलने वालों को इसका सीधा लाभ होगा। साथ ही आसपास का वातावरण भी अधिक हरा-भरा और आकर्षक बनेगा। 

मीठापुर में बनेगा सबसे बड़ा पार्क
तीनों परियोजनाओं में सबसे बड़ा पार्क मीठापुर में पुराने बस स्टैंड के सामने न्यू बाइपास के दक्षिणी हिस्से में बनाया जाएगा। करीब 138 मीटर लंबा और 27 मीटर चौड़ा यह पार्क लगभग 1.85 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा।

दक्षिणी पटना के इस आधुनिक पार्क में तालाब, सेल्फी प्वाइंट, ओपन जिम, योगा शेड, बच्चों के लिए प्ले एरिया, शौचालय, वॉकिंग पाथ, हाईमास्ट लाइट, आकर्षक पेंटिंग और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था होगी।

किदवईपुरी पार्क का होगा कायाकल्प
वार्ड-25 के ठाकुर प्रसाद सामुदायिक भवन के पास आदर्श कालोनी स्थित किदवईपुरी पार्क का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। करीब 36 मीटर लंबे और 32 मीटर चौड़े इस पार्क के विकास पर 1.67 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

यहां वाटर फाउंटेन, योगा शेड, पाथवे, हाईमास्ट लाइट, बच्चों के खेलने के उपकरण और मिथिला पेंटिंग के जरिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

पाटलिपुत्र में भी बनेगा नया पार्क
पाटलिपुत्र अंचल के वार्ड-5 स्थित बैंक आफ इंडिया कालोनी में भी नया पार्क विकसित किया जाएगा। करीब 32 मीटर लंबे और 17 मीटर चौड़े इस पार्क के निर्माण पर 1.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!