पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर चाकू से हमला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार……

सतना। सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में स्व-सहायता समूह की किस्त को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पत्नी को बचाने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, स्मार्ट सिटी कॉलोनी उतैली निवासी विजय विश्वकर्मा (45) की पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा और बबली सेन के बीच सोमवार रात स्व-सहायता समूह की किस्त को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान बबली सेन का पति रामलखन सेन वहां पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गुड़िया विश्वकर्मा के साथ डंडे से मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को बचाने पहुंचे विजय विश्वकर्मा पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू उनकी बाईं पसली के पास लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल में घायल का बयान दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी रामलखन सेन (48) निवासी बांधी, थाना सिंहपुर, हाल निवासी स्मार्ट सिटी उतैली के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 115(2) और 296(ए) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।









