सतना। सिटी कोतवाली पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान रज्जन शाह उर्फ रज्जन खान (35), निवासी टिकुरिया टोला के रूप में हुई है। पीड़िता अपनी मां के साथ शहर में कचरा बीनने का काम करती है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने किशोरी को काम दिलाने का झांसा देकर उससे जान-पहचान बढ़ाई। इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर नजीराबाद ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने और डराने-धमकाने की धमकी देकर कई बार उसका दैहिक शोषण किया।

लगातार शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद शनिवार शाम दोनों सिटी कोतवाली पहुंचीं, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस बीच पुलिस जांच में पीड़िता के गर्भवती होने की आशंका भी सामने आई है। इसकी पुष्टि के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









