चित्रकूट, मध्यप्रदेश की छात्रा से गैंगरेप मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को उत्तर प्रदेश पुलिस ने शनिवार शाम शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए शिवरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया…

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे भरकूप थाना क्षेत्र के मड़था जंगल में आरोपी की लोकेशन मिलने पर एसओजी और बहिलपुरवा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने दो तमंचों से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह बाइक सहित गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस ने जवाब में करीब 10 राउंड फायर किए। आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला शिवरामपुर के कल्ला गांव का निवासी है। चित्रकूट धाम मंडल के डीआईजी राजेश कुमार एस. ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी ने किया।
22 जुलाई को हुई थी वारदात।

यह मामला 22 जुलाई को चित्रकूट की देवांगना घाटी में हुई गैंगरेप की घटना से जुड़ा है। सतना निवासी 20 वर्षीय छात्रा अपने 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड के साथ देवांगना घाटी घूमने गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को धमकाया। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और छात्रा को झाड़ियों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
बॉयफ्रेंड ने किसी तरह खुद को मुक्त कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने दी सफाई

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि पीड़िता नीट (NEET) की छात्रा नहीं है। वह इंटरमीडिएट की छात्रा है और 12वीं की परीक्षा में दो बार असफल हो चुकी है। छात्रा के पिता राजस्थान में रहते हैं और वह भी अधिकांश समय वहीं रहती है।
दो आरोपी अब भी फरार

मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथी अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद तीनों आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई थी, जिसके आधार पर उनकी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।









