Edition

चित्रकूट में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पिता समेत 3 बेटे गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 क्योटरा में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी पिता और उसके तीन बेटों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, क्योटरा निवासी दो परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।

मारपीट में एक पक्ष के चुन्नूलाल (34), पुरुषोत्तम निषाद (65), पंचा निषाद और बिहारीलाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राथमिक उपचार के बाद पुरुषोत्तम निषाद और बिहारीलाल निषाद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सतना रेफर किया गया। सतना ले जाने के दौरान सिर में गंभीर चोट के कारण पुरुषोत्तम निषाद की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी श्यामलाल (65) पुत्र जौहरिया निषाद और उसके तीन बेटों अच्छेलाल निषाद (23), मूलचंद्र निषाद (24) और फूलचंद्र निषाद (22) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिलने के बाद चारों आरोपी चार पहिया वाहन से चित्रकूट छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने गढ़िया टोला के पास घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!