सतना। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में युवक का गला रेतकर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के करीब 40 दिन बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 12 जून की रात बिरला कॉलोनी में हुई थी। घायल विशाल पुत्र केएल यादव (30) अपने घर का दरवाजा खुला छोड़कर सो रहा था। देर रात कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने के बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बच सकी।
घायल के स्वास्थ्य में सुधार होने पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। विशाल ने बताया कि घटना से करीब एक माह पहले उसका अन्नू चौरसिया और उसके साथियों से विवाद हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
लगातार 40 दिन तक की गई खोजबीन के बाद पुलिस ने अभय पुत्र प्रदीप त्रिपाठी (28), निवासी लोहरौरा, थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।









