Edition

आधी रात स्पा सेंटर पर पुलिस की दबिश, युवतियों ने संचालक-मैनेजर पर लगाए अभद्रता के आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल के पास संचालित एक स्पा सेंटर में गुरुवार देर रात हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची। स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। हालांकि, युवतियों ने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियां संचालक और मैनेजर के व्यवहार से परेशान हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मौके पर पुलिस ने देखा कि युवतियां चैनल गेट के अंदर मौजूद थीं, जबकि बाहर निकलने वाला गेट बंद था। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि गेट की चाबी मैनेजर के पास है और संचालक व मैनेजर ऊपर की मंजिल पर सो रहे हैं। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में चैनल गेट का ताला तोड़कर युवतियों को बाहर निकाला गया।

युवतियों ने पुलिस को बताया कि वे असम की रहने वाली हैं और स्पा सेंटर में कार्यरत हैं। उनका आरोप था कि संचालक आए दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है और उन्हें परेशान करता है।

पुलिस ने संचालक से मोबाइल पर संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद पुलिस ने भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बनने की हिदायत दी।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। युवतियों ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि संचालक और मैनेजर को सख्त चेतावनी दी गई है। भविष्य में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!