विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, ने केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर तीखी आलोचना की। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई……

अजय सिंह ने कहा कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि छात्रों का भरोसा कायम रह सके।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे पत्रकारों और छात्रों के सवालों का सीधे सामना करने से बचते हैं। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यह आंदोलन युवाओं की बढ़ती नाराजगी का प्रतीक है और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में शिक्षा, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।









