Edition

सतना स्टेशन पर मानव तस्करी की आशंका, 10 मिनट तक ट्रेन की सघन तलाशी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। मानव तस्करी की आशंका के चलते बुधवार सुबह सतना रेलवे स्टेशन पर दरभंगा से अहमदाबाद जा रही एक यात्री ट्रेन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। जीआरपी कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के बाद ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब 10 मिनट तक रोककर कई कोचों की गहन तलाशी ली गई…

 

जांच के दौरान सुरक्षा टीम ने 4 से 5 बोगियों में यात्रियों से पूछताछ की। इसी दौरान कुछ नाबालिग बच्चे मिले, जिनमें कुछ अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रहे थे, जबकि कुछ अकेले सफर कर रहे थे। मानव तस्करी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सभी बच्चों से अलग-अलग पूछताछ की तथा उनके साथ मौजूद लोगों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया। बच्चों के परिजनों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर यात्रा संबंधी जानकारी की भी पुष्टि की गई।

पड़ताल में सामने आया कि सभी बच्चे छुट्टियां बिताने के बाद अहमदाबाद स्थित एक मदरसे में पढ़ाई के लिए वापस लौट रहे थे। दस्तावेजों और पहचान के सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामला मानव तस्करी से जुड़ा नहीं है और सभी बच्चे वैध रूप से यात्रा कर रहे थे।

 

पूरी जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आने पर ट्रेन को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जीआरपी थाना प्रभारी राजेश राज ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिले अलर्ट के आधार पर एहतियातन जांच की गई थी। सभी बच्चों और उनके साथ यात्रा कर रहे लोगों के दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन कर लिया गया है। जांच में मानव तस्करी से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया। कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!