Edition

सतना में कलेक्टर की गाड़ी का ग्रामीणों ने किया घेराव, 45 मिनट तक फंसे रहे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में जनसुनवाई के बाद हंगामा: ग्रामीणों ने कलेक्टर की गाड़ी घेरी, 45 मिनट तक फंसा रहा काफिला

 

सतना। जिले के रामपुर बघेलान तहसील कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के बाद उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की गाड़ी का घेराव कर दिया। स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भ्रष्टाचार, लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एसडीएम और तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति ऐसी बनी कि कलेक्टर का काफिला करीब 45 मिनट तक तहसील परिसर में रुका रहा।

जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जैसे ही कलेक्टर रवाना होने लगे, पहले से मौजूद महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी रोक ली। शोर-शराबा बढ़ने पर कलेक्टर वाहन से उतरकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनने का प्रयास किया, लेकिन नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब 45 मिनट तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को हटाया गया, जिसके बाद कलेक्टर का काफिला वहां से रवाना हो सका।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से राजस्व प्रकरण लंबित, सरकारी राशन वितरण में कथित अनियमितताएं और तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली में लापरवाही बनी हुई है। जनसुनवाई में भी लोगों ने नामांतरण, सीमांकन, राशन वितरण और अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपे थे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब जिले के सर्वोच्च अधिकारी स्वयं क्षेत्र में पहुंचे थे, तो केवल आवेदन लेकर लौटने के बजाय मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब कर समस्याओं का समाधान कराया जाना चाहिए था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

 

— रेवांचल रोशनी,साहस सच कहने का

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!