सतना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत सतना पुलिस लगातार जन-जागरूकता अभियान संचालित कर रही है। पुलिस अधीक्षक सतना के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक डी.पी. सिंह चौहान के नेतृत्व में शनिवार को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्वेता मौर्य एवं महिला थाना स्टाफ ने जिले के विभिन्न स्थानों पर नशा मुक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

अभियान के अंतर्गत लिटिल फ्लावर पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, उजाला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र तथा महिला थाना परिसर में विशेष व्याख्यान आयोजित कर विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। इस दौरान विशेषज्ञों एवं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है।
महिला थाना पुलिस ने झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों एवं चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर लोगों और उनके परिवारजनों से सीधे संवाद किया। नागरिकों को नशे से दूर रहने, अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान पोस्टर, पम्पलेट, जनसंवाद, सोशल मीडिया संदेश और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। छात्र-छात्राओं से कहा गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, नागरिकों एवं परिवारजनों को “नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे” की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। इसी उद्देश्य के साथ सतना पुलिस का “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान लगातार जिलेभर में चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।










