विंध्य चैंबर प्रदर्शन में अभद्रता का मामला: निगमायुक्त ने एसपी को लिखा पत्र।

सतना। नगर निगम कार्यालय के घेराव और प्रदर्शन के दौरान कथित अभद्र भाषा एवं धमकी भरे व्यवहार के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े हरिओम गुप्ता और विपिन त्रिपाठी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत के साथ प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो की पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी गई है।
आयुक्त ने अपने पत्र में बताया कि 14 जुलाई को विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा नगर निगम कार्यालय के घेराव और प्रदर्शन की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी गई थी। साथ ही यह अनुरोध भी किया गया था कि नगर निगम का नियमित कामकाज और आम नागरिकों की आवाजाही बाधित न हो। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों पर मुख्य द्वार घेरने और प्रवेश मार्ग अवरुद्ध करने का आरोप लगाया गया है।
पत्र के अनुसार, प्रदर्शन के कारण नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई भी प्रभावित हुई। मुख्य द्वार बंद होने से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे कई नागरिक कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सके, जिससे उनकी शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो पाया।

नगर निगम आयुक्त का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अधिकारियों के साथ धमकी भरा व्यवहार किया। इसी आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्यों को जांच के लिए स्वीकार कर लिया है। मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









