सतना: पति की मौत के गम में महिला ने कुएं में कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखी वाराणसी में अंतिम संस्कार की इच्छा
सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बिरसिंहपुर वार्ड क्रमांक-9 निवासी 40 वर्षीय नीलू मिश्रा ने अपने घर के पास स्थित कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया। साथ ही अपनी अंतिम इच्छा के रूप में वाराणसी में अंतिम संस्कार किए जाने और अपने 12 वर्षीय बच्चे का ध्यान रखने की बात लिखी।

जानकारी के अनुसार, नीलू मिश्रा समाजसेवी स्वर्गीय कमलेश मिश्रा की बहू थीं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव बाहर निकाला।

परिजनों के मुताबिक, करीब 10 वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में उनके पति रविशंकर मिश्रा की मौत हो गई थी। इसके बाद से नीलू मिश्रा मानसिक तनाव और अवसाद जैसी स्थिति से जूझ रही थीं। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।










