सतना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक सतना के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्वेता मौर्या के नेतृत्व में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत पी.एम. श्री शासकीय व्यंकट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, विनायक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम पंचायत पौड़ी तथा महिला थाना परिसर में विद्यार्थियों और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इस दौरान स्कूलों के आसपास संचालित तंबाकू एवं सिगरेट की गुमटियों को भी हटवाया गया।

निरीक्षक श्वेता मौर्या ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया तथा सभी से नशे से दूर रहने की अपील की। अभियान के दौरान पोस्टर, पम्पलेट, जनसंवाद, सोशल मीडिया संदेश एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और युवाओं को इस बुराई से बचाने में सहयोग करें।










