स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश, जनभागीदारी से अभियान सफल बनाने की अपील…..
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत वीडियो संदेश जारी, बोले- आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए समाज और पुलिस को मिलकर लड़नी होगी यह जंग…..
सतना। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक संचालित विशेष जनजागरूकता अभियान नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव पाण्डेय ने वीडियो संदेश जारी कर युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और आमजन से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का सामूहिक संकल्प है।
एएसपी गौरव पाण्डेय ने अपने संदेश में कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद, कौशल विकास और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि सही दिशा में बढ़ने वाला युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य बनाता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे या छात्र के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई दे या उसके नशे की ओर बढ़ने की आशंका हो, तो उसे नजरअंदाज न करें। समय रहते समझाइश दें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें, ताकि किसी भी युवा का भविष्य बर्बाद होने से बचाया जा सके।
एएसपी पाण्डेय ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस लड़ाई में जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना स्तर से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक सभी अधिकारियों के दरवाजे आम नागरिकों के लिए खुले हैं। कोई भी व्यक्ति बेझिझक नशे से संबंधित सूचना पुलिस तक पहुंचा सकता है, जिस पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अंत में सभी नागरिकों से आह्वान किया कि नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान को जनआंदोलन बनाएं और स्वस्थ, सुरक्षित, नशामुक्त सतना, मध्यप्रदेश तथा देश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक और संगठित समाज ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं।









