आबूधाबी जाना हुआ आसान, इंदौर से सीधी उड़ान और आधे किराए की सुविधा।

इंदौर से आबूधाबी के लिए प्रदेश की पहली डायरेक्ट अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू, पहले दिन 80 यात्रियों ने भरी उड़ान
इंदौर। मध्य प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से प्रदेश की पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान इंदौर–आबूधाबी का शुभारंभ किया। यह नियमित सेवा मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्त पोषित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन अवसर पर आबूधाबी जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास वितरित किए और शुभकामनाएं दीं। पहले दिन इस उड़ान से 80 यात्रियों ने यात्रा की।
इस रूट का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा किया जाएगा। फिलहाल यह उड़ान सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस नई अंतरराष्ट्रीय सेवा से मध्य प्रदेश के व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश के लोगों को विदेश यात्रा के लिए अब सीधे इंदौर से बेहतर और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।
यह उड़ान मध्य प्रदेश को वैश्विक स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।









