भोपाल डबल मर्डर केस: संपत्ति के लालच में बुजुर्ग दंपती की हत्या, महिला रिश्तेदार समेत तीन गिरफ्तार।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी हेमंत फिलोमन और उनकी पत्नी शकुंतला बारिक की हत्या कथित रूप से संपत्ति विवाद के चलते कराई गई थी।
इस मामले में मृतक दंपती की एक करीबी महिला रिश्तेदार को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा दो सगे भाई श्रीकांत और शशिकांत को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का सामने आया है।
वारदात के बाद गठित विशेष जांच दल (SIT) और करीब 200 पुलिसकर्मियों ने मामले की जांच की। पुलिस ने पहले संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज जारी कर उनकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए रेनकोट और ग्लव्स पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।









