पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर वेंडर्स का प्रशिक्षण आयोजित।
सतना, 15 जुलाई।मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम, भोपाल के निर्देशानुसार बुधवार को कलेक्ट्रेट सतना के सभागार में “सिटी एक्सिलरेटर प्रोग्राम” के अंतर्गत पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना से जुड़े सोलर वेंडर्स के लिए क्षमता संवर्धन एवं सोलर रूफटॉप परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी आर. एस. तिवारी तथा पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, सतना के कार्यपालन अभियंता मृगेंद्र सिंह चंदेल ने की। इस अवसर पर डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी राम विनीत तिवारी, राहुल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 40 से अधिक सोलर वेंडर्स ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने वेंडर्स को ऊर्जा मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों एवं नीतियों की जानकारी दी। साथ ही सोलर रूफटॉप स्थापना की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वेंडर्स की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के साथ पहुंचाया जा सके।
— रेवांचल रोशनी | साहस सच कहने का










