Edition

Punjab Congress Crisis: गुटबाजी की खबरों पर वड़िंग का बड़ा बयान, कहा- जल्द खत्म होगी सारी अटकलें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 चंडीगढ़
 पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक को लेकर उठ रहे विवाद पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से इन्कार करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और अगले एक-दो दिनों में सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई देंगे।

वड़िंग ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में यदि कांग्रेस के कुछ नेता उनके घर पर मिलते हैं तो इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कल नेता उनके घर या सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के घर भी मिल सकते हैं, इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी में कोई अंदरूनी लड़ाई चल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी हाईकमान चन्नी का पूरा सम्मान करते हैं। चन्नी का पार्टी नेतृत्व से मिलना भी सामान्य प्रक्रिया है और इसे किसी विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

अनुशासनहीनता पर सख्त चेतावनी
राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। कोई भी नेता, चाहे वह प्रदेश अध्यक्ष ही क्यों न हो, संगठन से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपनी मर्यादा में रहकर काम करना चाहिए। वड़िंग ने स्पष्ट किया कि चरणजीत सिंह चन्नी या किसी अन्य वरिष्ठ नेता ने पार्टी विरोधी कोई काम नहीं किया है।

हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई पूर्व विधायक या नेता सार्वजनिक रूप से पार्टी के खिलाफ बयान देता है या अनुशासनहीनता करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी सार्वजनिक बयानबाजी से बचने और संयम बनाए रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हूं
चरणजीत सिंह चन्नी को 2027 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने की मांग पर वड़िंग ने कहा कि यह फैसला केवल कांग्रेस हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ही मुख्यमंत्री चेहरे पर अंतिम निर्णय लेंगे।

वड़िंग ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना है और हाईकमान जिस भी नेता को जिम्मेदारी देगा, वह उसके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।

रंधावा का भी किया बचाव
वड़िंग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुखजिंदर सिंह रंधावा की मुलाकात का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि रंधावा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह मुलाकात पंजाब में कानून-व्यवस्था, गैंगस्टर गतिविधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर हुई थी। उन्होंने कहा कि रंधावा कांग्रेस के समर्पित नेता हैं। साथ ही वड़िंग ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता आज भी कांग्रेस के साथ खड़ी है और भाजपा को राज्य में राजनीतिक जमीन नहीं मिलेगी।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!