समाजसेवा और जनकल्याण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉक्टरों को शॉल व स्मृति-चिह्न भेंटकर किया गया सम्मानित…..
सतना। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर नई दिशा फाउंडेशन, सतना द्वारा समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर उनके समर्पण, सेवा-भाव और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन की अध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि चिकित्सक मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। वे अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा-भाव से असंख्य लोगों को नया जीवन देते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
फाउंडेशन के सचिव नितिन मिश्रा ने बताया कि नई दिशा फाउंडेशन समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता है। इन सभी अभियानों में चिकित्सकों का निःस्वार्थ सहयोग लगातार मिलता रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संभव हो सका है।
इस अवसर पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप्ति श्रीवास्तव, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. लक्ष्मी मोहनानी, डॉ. ज्योति जायसवाल (बिरला हॉस्पिटल), दंत चिकित्सक डॉ. ए.पी. सिंह, दंत चिकित्सक डॉ. प्रतिमा अग्रवाल, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेश अग्रवाल तथा आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह पटेल का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना की। उपस्थित लोगों ने भी डॉक्टरों की सेवाओं को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।










