सतना। सतना जिले में 28 से 30 जून तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3 लाख 56 हजार 767 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि जिले में 2,826 पोलियो बूथ, 74 ट्रांजिट बूथ और 46 मोबाइल बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए 2,966 टीमें, 5,932 स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा 295 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
अभियान के पहले दिन 28 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश छूट गए हों।
स्वास्थ्य विभाग ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य आवागमन स्थलों पर भी विशेष व्यवस्था की है, ताकि बाहर से आने वाले बच्चों को भी पोलियो की खुराक मिल सके। वहीं झुग्गी-बस्तियों और ईंट भट्टों पर रहने वाले परिवारों के बच्चों के लिए विशेष मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में सहयोग करें।











