Edition

विंध्य चैंबर चुनाव में व्यापारियों का उत्साह चरम पर: 95.42% मतदान, सोमवार रात मिलेगा नया अध्यक्ष……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। व्यापारियों की प्रतिष्ठित संस्था विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में रविवार को व्यापारियों ने रिकॉर्ड उत्साह दिखाते हुए 95.42 प्रतिशत मतदान किया।

सुबह से शाम तक चैंबर भवन में मतदान के लिए सदस्यों की लंबी कतारें लगी रहीं। कुल 1662 मतदाताओं में से 1586 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर संस्था के नए नेतृत्व के चयन में भागीदारी निभाई।

मतदान शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए चैंबर भवन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सिटी कोतवाली पुलिस सहित पर्याप्त पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा। मतदान के दौरान शुरुआत में उस समय हल्का विवाद खड़ा हो गया, जब अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोहर डिगवानी ने वर्तमान अध्यक्ष सतीश सुखेजा की मतदान स्थल पर मौजूदगी पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित लोगों को भवन के बाहर निर्धारित स्थान पर भेजते हुए मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रखी।

अब सभी की निगाहें सोमवार शाम 4 बजे से शुरू होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। देर रात तक निर्वाचन अधिकारी विजयी अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा करेंगे।

अध्यक्ष पद के लिए सतीश सुखेजा, अशोक अग्रवाल, मनोहर डिगवानी, संदीप जैन और राजेश खत्री के बीच कड़ा मुकाबला है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जूनियर उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष और सहमंत्री सहित विभिन्न पदों पर भी कई दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के 14 पदों के लिए 17 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार चैंबर का चुनाव व्यापारिक जगत में विशेष महत्व रखता है और नए नेतृत्व को लेकर व्यापारियों में भारी उत्साह देखने को मिला। सोमवार देर रात तक विंध्य चैंबर को अपना नया अध्यक्ष और नई कार्यकारिणी मिल जाएगी।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!