Edition

मुक्तसर से CM सैनी का हुंकार, बोले- पंजाब को उसकी खोई पहचान लौटाने का वक्त आ गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 मुक्तसर  

पंजाब की राजनीतिक सरजमीं पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर सूबे के लोगों को साधने की कोशिश की। श्री मुक्तसर साहिब की में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब पंजाब को अपनी खोई हुई पहचान, विकास और गौरव को फिर से हासिल करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि दोनों दल जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने में विफल रहे हैं।

संबोधन की शुरुआत प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी, सभी गुरु साहिबानों, साहिबजादों और महापुरुषों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने कहा कि श्री मुक्तसर साहिब की यह पवित्र धरती चालीस मुक्तों, भाई महा सिंह जी और माई भागो जी के अद्वितीय बलिदान की साक्षी है। सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, भाषा और भावनाओं का रिश्ता है।

उन्होंने कहा कि वे पंजाब की जनता के बीच किसी पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि छोटे भाई और शुभचिंतक के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी को मौका दिया, लेकिन दोनों सरकारें अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम देने में असफल रहीं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और विकास कार्यों को बाधित करने के आरोप लगाए, जबकि आम आदमी पार्टी पर वादाखिलाफी और पंजाब को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने का आरोप लगाया।

इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक पार्टी नेता मनवीर कौर गिल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी, प्रदेश महामंत्री सरदार दयाल सिंह सोढ़ी, जिलाध्यक्ष मुक्तसर सतीश असीजा, विधानसभा इंचार्ज राजेश पठेला, पूर्व सांसद सरदार जगमीत सिंह बराड़, राहुल सिद्धू, पूजा कक्कड़, बलिवंद्र सिंह मिंकल, गुरचरण सिंह, अमनदीप, देवदत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

महिलाओं के मुद्दे पर आप सरकार को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के दौरान महिलाओं को प्रतिमाह 1100 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। इसके उलट उन्होंने हरियाणा सरकार की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में गरीब परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है और करोड़ों रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।

नशा, अपराध और बेरोजगारी को बताया पंजाब की बड़ी चुनौती
नायब सैनी ने पंजाब में बढ़ते नशे, अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नशे ने हजारों परिवारों को प्रभावित किया है और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में ड्रग तस्करी, गैंगवार, फिरौती और संगठित अपराध की घटनाओं ने आम लोगों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। व्यापारी, उद्योगपति और आम नागरिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं तथा अपराधियों में कानून का भय कम होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के अवसर सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में युवा विदेशों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।

किसानों के मुद्दे पर हरियाणा मॉडल का जिक्र
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 सीजन में 12 लाख किसानों के खातों में एमएसपी के तहत 1.64 लाख करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत पंजाब के किसान आज भी अपने अधिकारों और चुनावी वादों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

‘भाजपा घोषणाएं नहीं, परिणाम देती है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 66 को डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा किया जा चुका है और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने पंजाब की जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य के भविष्य, युवाओं की तरक्की और विकसित भारत के निर्माण के लिए सही निर्णय लेना समय की आवश्यकता है।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!