मनीष पटेल ने आखिरकार पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। ब्राह्मण समाज की बेटियों पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपी बने मनीष की अग्रिम जमानत याचिका पहले ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद वह लंबे समय से फरार बताया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी का विवादों से पुराना संबंध रहा है। इससे पहले भी उसने फौजी परिवारों की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए थे, जिस पर सैनिक परिवारों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 40 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले मनीष पटेल के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। इनमें विश्वविद्यालय थाना और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रकरण शामिल हैं। वहीं आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कुल छह प्रकरण दर्ज हो चुके हैं और वह मोबाइल लूट के मामले में स्थायी वारंटी भी रह चुका है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने पुराने मामले में भी उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जबकि अन्य डिजिटल उपकरण और लैपटॉप की तलाश जारी है।









