सतना के जंगल में मिला 3 महीने से लापता युवती का कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान…

सतना जिले के रैगांव क्षेत्र के ललचहा जंगल में सोमवार शाम एक युवती का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में मिले कपड़े और चप्पल के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान चकर गांव निवासी रानी मवासी (26) के रूप में की है। युवती करीब साढ़े तीन महीने से लापता थी। हालांकि, पहचान की आधिकारिक पुष्टि के लिए डीएनए और फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
30 जुलाई को घर से निकली थी युवती…जानकारी के अनुसार, रानी मवासी पिता छकौड़ी 30 जुलाई को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
गांव से 8 किलोमीटर दूर मिला कंकाल….सोमवार को चकर गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर ललचहा जंगल में कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों को मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पास में मिले कपड़ों और चप्पल के आधार पर युवती की पहचान की। पुलिस ने कंकाल को जांच के लिए सतना भेज दिया है।
फोरेंसिक और डीएनए जांच से होगी पुष्टि…पुलिस के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञ कंकाल की जांच करेंगे। डीएनए परीक्षण के जरिए भी पहचान की पुष्टि की जाएगी। युवती जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni #VindhyaNews









