बांदा गोलीकांड का फरार आरोपी सतना से गिरफ्तार, राजेंद्र नगर में किराए के कमरे से पकड़ा गया…

सतना। उत्तर प्रदेश के बांदा में पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मारने के मामले में फरार आरोपी को सतना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राजेंद्र नगर की गली नंबर 10 में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। बुधवार रात सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बांदा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अनुज सिंह (21), पिता महेंद्र सिंह, निवासी कुआं गांव, थाना कोलगवां, सतना के रूप में हुई है। बांदा के सिटी कोतवाली थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज था। घटना के बाद से ही बांदा पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पेट्रोल के पैसे मांगने पर सेल्समैन को मारी थी गोली..जानकारी के अनुसार, 3-4 जुलाई 2025 की दरमियानी रात बांदा के नरैनी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोश बाइक सवार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक में पेट्रोल भरवाया। जब सेल्समैन आशाराम ने पेट्रोल के पैसे मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से गोली चला दी। गोली आशाराम के सिर को छूते हुए निकल गई। घटना में गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को उपचार के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूचना मिलने पर सतना पुलिस ने की कार्रवाई…बांदा पुलिस को अनुज सिंह की तलाश थी। सतना में उसके मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद बांदा पुलिस ने सिटी कोतवाली पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने राजेंद्र नगर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार रात बांदा पुलिस की टीम उसे अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई।
#SatnaNews #BandaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni









