सतना में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके बाद मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, लगातार चल रही गर्म हवाओं और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, सुबह 9 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा, जबकि दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम रही।
भीषण गर्मी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 15 जून तक क्लीनिकल पढ़ाई कॉलेज कैंपस में ही कराने का निर्णय लिया है, बताया गया कि मंगलवार को ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के दौरान दो छात्र गर्मी और उमस के कारण बेहोश हो गए थे, जिसके बाद यह व्यवस्था लागू की गई।
मौसम विभाग के अनुसार जिले का तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक चल रहा है, न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है, हवा में नमी का स्तर लगातार घट रहा है, मंगलवार सुबह नमी 39 प्रतिशत और शाम तक केवल 12 प्रतिशत रह गई…
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ पशु-पक्षियों और मवेशियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।









