सतना। धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर यथावत रखने की मांग को लेकर रॉयल राजपूत संगठन ने नगर निगम प्रशासन के प्रस्तावित नाम परिवर्तन पर आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि पूर्व महापौर ममता पांडे के कार्यकाल में स्टेडियम का नामकरण कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर करने का निर्णय लिया गया था।
मामले में राजदीप सिंह मोनू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कुंवर अर्जुन सिंह का सतना जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं स्वर्गीय शंकर प्रसाद ताम्रकर भी जिले की सम्मानित हस्तियों में शामिल रहे हैं। ऐसे में किसी एक के नाम को बदलकर दूसरे के नाम पर स्टेडियम का नामकरण करना उचित नहीं होगा। उन्होंने महापौर योगेश ताम्रकर से निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
रॉयल राजपूत संगठन मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे सर्किट हाउस से नगर निगम तक पैदल मार्च कर निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपेगा। संगठन ने स्टेडियम का नाम यथावत रखने की मांग करते हुए नागरिकों से उपस्थित रहने की अपील की है।