Edition

पांच साल से लंबित राजस्व प्रकरण अब नहीं टलेंगे…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की देखभाल में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह…

रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के जिलों में शासन की उच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों को पांच साल से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के मामलों में भी तेजी लाने को कहा।

कमिश्नर ने निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित सुनवाई हो और पटवारियों के प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में दर्ज कराए जाएं। समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रत्येक गांव में शिविर लगाकर शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने को कहा।

बाढ़ से हुई जन-धन हानि का सर्वे पूरा होने पर कमिश्नर ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत राशि का तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भू-अर्जन के प्रकरणों की कलेक्टर स्तर पर नियमित समीक्षा करने और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

अवैध और मिलावटी शराब को लेकर भी कमिश्नर सख्त नजर आए। उन्होंने सभी क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाने तथा अन्य राज्यों से जुड़े क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश पुलिस अधीक्षकों को दिए। कोरेक्स सहित अन्य मादक पदार्थ बेचने वालों के साथ सप्लाई करने वालों पर भी कार्रवाई करने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कमिश्नर ने हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच, उपचार और प्रबंधन में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार हाईरिस्क महिलाओं का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रीवा, सीधी और सिंगरौली में विशेष ध्यान देने को कहा गया।

इसके अलावा स्कूलों में जेईई-नीट कोचिंग, टेस्ट सीरीज, करियर मार्गदर्शन, पोषण आहार, क्षय नियंत्रण, निःशुल्क साइकिल-किताब वितरण और लाड़ली लक्ष्मी योजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में संभाग एवं जिलों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

#rewanchalroshni #mpgovt #satna #news

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!