Edition

भारतीय रेलवे का मेगा भर्ती अभियान, 50,000+ पदों पर निकलेगी वैकेंसी; जानिए पूरी डिटेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली
 रेलवे में नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए अगले छह महीने से एक साल के भीतर 55 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया।

रेलवे के अधिकृत सूत्रों ने बताया कि सबसे बड़ी भर्ती ग्रुप-डी (लेवल-1) की है, जिसमें 32,438 पदों के लिए परीक्षा हो चुकी है। इसके अलावा सहायक लोको पायलट (एएलपी), एनटीपीसी स्नातक स्तर, एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट स्तर, जूनियर इंजीनियर तथा सेक्शन कंट्रोलर पदों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। रेलवे के तय कार्यक्रम के अनुसार एएलपी भर्ती के अंतिम परिणाम दिसंबर 2026 तक आने की संभावना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वार्षिक भर्ती कैलेंडर और रिक्तियों की नियमित अधिसूचना से उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिली है। रेलवे अब विभागीय परीक्षाओं को भी पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रणाली में स्थानांतरित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उम्मीदवारों तक पहुंचे सही जानकारी
वैष्णव ने भर्ती प्रक्रिया में टैबलेट आधारित परीक्षाओं के विस्तार, बहुभाषी परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा उम्मीदवारों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए संवाद व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती से जुड़ी किसी भी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन किया जाए ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे।

पिछले साल दी गई 43 हजार से अधिक नियुक्तियां
रेल मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में 43,781 अभ्यर्थियों को रेलवे में नियुक्ति दी जा चुकी है। अब फोकस उन भर्तियों पर है जिनकी परीक्षाएं हो चुकी हैं या प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

देश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल है रेलवे
रेलवे भर्ती बोर्ड देश की सबसे बड़ी भर्ती एजेंसियों में से एक माना जाता है. रेलवे की परीक्षाएं देशभर के अनेक शहरों और सैकड़ों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाती हैं. लाखों उम्मीदवार इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं.उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षाएं 15 भाषाओं में आयोजित की जाती हैं. इससे देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को अपनी भाषा में परीक्षा देने का अवसर मिलता है. इतनी बड़ी भर्ती प्रक्रिया के लिए कई शिफ्टों में परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। 

कई बड़ी भर्तियों की प्रक्रिया अभी भी जारी
रेलवे भर्ती बोर्ड की कई महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं और अब उनमें दस्तावेज सत्यापन तथा अंतिम चयन की प्रक्रिया चल रही है.फिलहाल NTPC ग्रेजुएट लेवल के 8,113 पदों, NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के 3,445 पदों, मिनिस्ट्रियल एवं आइसोलेटेड कैटेगरी के 1,036 पदों, टेक्नीशियन भर्ती के 6,238 पदों और पैरामेडिकल कैटेगरी के 434 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है.रेलवे अधिकारियों के अनुसार कई श्रेणियों में दस्तावेज सत्यापन शुरू हो चुका है जबकि अन्य श्रेणियों के अंतिम परिणाम जल्द घोषित किए जाएंगे.इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। 

55 हजार से ज्यादा पदों पर जल्द होगा अंतिम चयन
समीक्षा बैठक के दौरान रेल मंत्री ने उन भर्तियों की भी जानकारी ली जिनमें अगले छह महीने से एक साल के भीतर अंतिम चयन होने की संभावना है.रेलवे में वर्तमान समय में 55,229 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. इनमें सबसे ज्यादा 32,438 रिक्तियां लेवल-1 पदों की हैं. इसके अलावा असिस्टेंट लोको पायलट के 10,970 पद, सेक्शन कंट्रोलर के 368 पद, जूनियर इंजीनियर, DMS और CMA के 2,585 पद, NTPC ग्रेजुएट लेवल के 5,810 पद और NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के 3,058 पद शामिल हैं.रेलवे का मानना है कि इन भर्तियों के पूरा होने से बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। 

भर्ती कैलेंडर से उम्मीदवारों को मिल रही राहत
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे द्वारा लागू किया गया वार्षिक भर्ती कैलेंडर और हर तिमाही में रिक्तियों की जानकारी जारी करने की व्यवस्था अभ्यर्थियों के बीच काफी लोकप्रिय साबित हो रही है.
इस व्यवस्था से उम्मीदवारों को पहले से पता रहता है कि भर्ती कब निकलेगी और परीक्षा कब आयोजित हो सकती है. इससे उन्हें अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है. पहले जहां भर्ती संबंधी अनिश्चितता बनी रहती थी, वहीं अब युवाओं को स्पष्ट समय-सीमा मिल रही है। 

अफवाहों और गलत सूचनाओं पर सख्ती
बैठक में रेल मंत्री ने रेलवे भर्ती बोर्डों को उम्मीदवारों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बातचीत मजबूत करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी का तुरंत खंडन किया जाना चाहिए.उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभ्यर्थियों तक सही और प्रमाणिक जानकारी समय पर पहुंचाना बेहद जरूरी है. इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और उम्मीदवारों का भरोसा भी मजबूत होगा। 

रेलवे का भर्ती केलेंडर

भर्ती पद संभावित अंतिम चयन
ग्रुप-डी (लेवल-1) 32,438 प्रक्रिया जारी
सहायक लोको पायलट 10,970 दिसंबर 2026
जूनियर इंजीनियर 2,585 अक्टूबर 2026
सेक्शन कंट्रोलर 368 सितंबर 2026
एनटीपीसी ग्रेजुएट 5,810 जनवरी 2027
एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट 3,058 अप्रेल 2027

 

 

 

Editor
Author: Editor

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें