रीवा के कोटवार 31 अक्टूबर से भोपाल में देंगे धरना, शासकीय कर्मचारी घोषित करने सहित 3 मांगों को लेकर आंदोलन….

मध्यप्रदेश में लंबित मांगों को लेकर कोटवारों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। आजाद कोटवार कर्मचारी संघ 31 अक्टूबर से भोपाल में धरना देगा। इसके बाद 2 नवंबर से स्थानीय स्तर पर भी आंदोलन शुरू करने की तैयारी है। संघ ने रीवा कलेक्टर और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की अपील की है।
कोटवारों की तीन प्रमुख मांगें….संघ के जिलाध्यक्ष आशुतोष दाहिया के मुताबिक, कोटवारों की तीन प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें कोटवारों को शासकीय कर्मचारी घोषित करना, सेवा भूमि का मालिकाना हक देना और वर्दी के लिए मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजना शामिल है।
2 अक्टूबर को भी किया था विरोध प्रदर्शन….संघ ने मांगों को लेकर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था। इस दौरान धरना-प्रदर्शन भी किया गया। संघ का कहना है कि इसके बावजूद मांगों पर समाधान नहीं होने के कारण दोबारा आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश के 38 हजार कोटवारों का मुद्दा…ज्ञापन में दावा किया गया है कि प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ के अनुसार, कोटवार राजस्व व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी सेवा संबंधी समस्याओं और अधिकारों का निराकरण किया जाना चाहिए।
पहले भी भोपाल में निकाली थी तिरंगा यात्रा…संघ के मुताबिक, 4 सितंबर 2025 को भोपाल के अटल पथ पर प्रदेशभर से आए कोटवारों ने तिरंगा यात्रा निकाली थी और ज्ञापन सौंपा था। संघ का कहना है कि इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई। अब संगठन ने सरकार से हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो जारी रहेगा आंदोलन….आजाद कोटवार कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा। 31 अक्टूबर से भोपाल में प्रस्तावित धरने के बाद 2 नवंबर से स्थानीय स्तर पर आंदोलन की तैयारी है।
#RewaNews #KotwarProtest #MadhyaPradeshNews #BhopalNews #RewanchalRoshni









